जालंधर में ED की बड़ी दबिश: CA के घर छापा, पंजाब में कई ठिकानों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप!
Punjab Hotmail, जालंधर। पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई ने एक बार फिर राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हलचल मचा दी है। मंगलवार सुबह जालंधर के पॉश इलाके न्यू जवाहर नगर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घर ED की टीम ने अचानक छापेमारी की। रेड सीए अमित बजाय के घर पर हुई है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शहर के एक प्रमुख कारोबारी, नगर निगम से जुड़े ठेकेदार, दो नेताओं और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घरों व दफ्तरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के लिए ईडी की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों ने घर पहुंचते ही दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इसी कड़ी में पंजाब के अन्य शहरों में भी कई जगहों पर रेड की गई है।

हालांकि, ED और स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी व्यक्ति या संस्था का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, लेकिन जैसे ही रेड की खबर फैली, व्यापारिक वर्ग में चिंता और चर्चा का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, जालंधर के दो प्रमुख नेताओं के घरों तक भी जांच एजेंसियों के पहुंचने की सूचना है।
इससे पहले भी ED जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।
इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ED द्वारा पंजाब के व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है और व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार और पूरा राज्य व्यापारियों के साथ खड़ा है।
उधर, पंजाब के मानसा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी एक युवक के घर दबिश दी है। जांच एजेंसियों को शक है कि युवक का संपर्क पाकिस्तान के कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी से था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसियां हर पहलू की जांच कर रही हैं।
पिछले महीने ED की तीन बड़ी कार्रवाइयां
🔹 7 मई 2026: मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में बिल्डर नितिन गोयल और पूर्व डिप्टी स्पीकर बीर देविंदर सिंह से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी। जांच के दौरान नोटों से भरे बैग ऊंची मंजिल से फेंके जाने की घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा।
🔹 9 मई 2026: पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ और गुरुग्राम स्थित ठिकानों पर एक साथ रेड। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया गया।
🔹 26 मई 2026: जिरकपुर स्थित CRCPL और रॉयल एस्टेट ग्रुप के कार्यालयों पर छापेमारी। GMADA से जुड़े करोड़ों रुपये के चेक बाउंस और कथित फंड ट्रांसफर घोटाले की जांच में यह कार्रवाई की गई।
पंजाब में लगातार हो रही केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जालंधर की ताजा रेड में जांच एजेंसियों को क्या सुराग मिलते हैं और आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है।
