जालंधर नगर निगम पर 7 करोड़ का पर्यावरण जुर्माना: गंदे पानी और STP प्रबंधन में बड़ी लापरवाही उजागर… पढ़ें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने गुरुवार को काला संघियां ड्रेन, जमशेर ड्रेन और चिट्टी वेईं में गिर रहे गंदे पानी को रोकने, वरियाणा कूड़ा डंप खत्म करने और शहर के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STP) की कार्यप्रणाली की समीक्षा को लेकर अहम बैठक की।

बैठक के दौरान पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) के अधिकारियों ने खुलासा किया कि शहर के तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट संतोषजनक तरीके से काम नहीं कर रहे, जिसके चलते नगर निगम पर 7 करोड़ रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया है।
“अधिकारियों की लापरवाही का बोझ जनता क्यों उठाए?” — संत सीचेवाल
संत सीचेवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण लगाया गया जुर्माना आखिरकार आम जनता की जेब से जाएगा, जबकि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने बस्ती पीरदाद स्थित 50 MLD ट्रीटमेंट प्लांट की खराब कार्यप्रणाली पर भी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। प्लांट से निकलने वाले स्लज का सही रिकॉर्ड न रखे जाने पर सीचेवाल ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
PPCB अधिकारी यह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके कि स्लज का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखा जा रहा है या नहीं।
34 करोड़ खर्च, फिर भी काला संघियां ड्रेन में गिर रहा गंदा पानी
संत सीचेवाल ने कहा कि सरकार ने 34 करोड़ रुपये खर्च कर काला संघियां ड्रेन को पक्का कराया था, लेकिन आज भी उसमें गंदा पानी गिर रहा है और ड्रेन स्लज से भरी पड़ी है।
उन्होंने जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डेयरियों का गोबर सीधे जमशेर ड्रेन में डाला जा रहा है। वहां 2.5 MLD क्षमता का CBG प्लांट पहले से मौजूद है और एक अन्य प्लांट लगाने की तैयारी भी चल रही है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर भी उठे सवाल
सीचेवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत काला संघियां ड्रेन के किनारे सड़क बनाने की कई बैठकों में चर्चा हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्पष्ट नीति बनाकर काम शुरू करने को कहा।
15 जून तक वरियाणा डंप खाली करने का दावा
बैठक में वरियाणा कूड़ा डंप को जल्द खत्म करने के निर्देश भी दिए गए। ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों ने दावा किया कि 15 जून तक वहां से पूरी मिट्टी हटाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने भरोसा दिलाया कि काला संघियां ड्रेन, जमशेर ड्रेन और शहर के STP प्लांट्स की कार्यप्रणाली में जल्द सुधार किया जाएगा।
