पंजाब में दहशत: जालंधर के 5-6 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, APJ-BSF स्कूल खाली करवाया गया!
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। पंजाब में लगातार सामने आ रही धमकी और ब्लास्ट की घटनाओं के बीच अब जालंधर के निजी स्कूल भी निशाने पर आ गए हैं। BSF चौक के पास एक्टिवा ब्लास्ट के बाद शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब बीएमसी चौक स्थित APJ स्कूल समेत 5 से 6 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले।

धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए बड़ा फैसला लिया और सभी छात्रों की तुरंत छुट्टी कर उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया। देखते ही देखते स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई अभिभावक घबराकर स्कूल पहुंच गए, जबकि बच्चों में भी डर साफ दिखाई दिया।
🚔 पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर टीम एक्टिव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। हालांकि फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।


एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि शहर के 5-6 स्कूलों को एक जैसी धमकियां मिली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम टीम ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी कहां से भेजी गई।
📱 बच्चों को दिखाया गया मैसेज
स्कूल से बाहर निकले बच्चों ने बताया कि उन्हें स्कूल में ही मैसेज दिखाए गए, जिनमें बम धमाके की धमकी का जिक्र था। इसके बाद अचानक छुट्टी कर दी गई और सभी को घर भेज दिया गया।
⚠️ एक्टिवा ब्लास्ट के बाद बढ़ी चिंता
यह धमकी ऐसे समय आई है जब हाल ही में जालंधर के BSF चौक के पास एक्टिवा में हुए IED ब्लास्ट ने पहले ही सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा रखी है। ऐसे में स्कूलों को मिली धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
जांच एजेंसियां हर एंगल से कर रहीं पड़ताल
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या फिर किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा। शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
👉 लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
