₹5 करोड़ में प्रेमानंद महाराज के दर्शन कराने का दावा? विराट कोहली के प्रवक्ता ने दिया पहला बयान, बोले- इसलिए परिवार के साथ आते थे!
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, मथुरा/दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर किए गए ₹5 करोड़ में प्रेमानंद महाराज के दर्शन कराने के दावे पर अब उनकी ओर से पहला आधिकारिक बयान सामने आया है।

विराट कोहली के प्रवक्ता ने दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी महाराज द्वारा किए गए दावों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के दर्शन अपनी व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा के कारण करते हैं। उनके अनुसार, कोहली का महाराज जी के प्रति आध्यात्मिक जुड़ाव निजी है और इसे किसी आर्थिक लेन-देन से जोड़ना तथ्यात्मक रूप से गलत है।
मीडिया से अपील—बिना सत्यापन दावों को न दें बढ़ावा
विराट कोहली के प्रवक्ता ने मीडिया से अपील की है कि किसी भी दावे या बयान को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि की जाए।
उन्होंने दिनेश शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी अपुष्ट और निराधार जानकारी को तथ्य के रूप में पेश करने से बचना चाहिए।
दिनेश फलाहारी महाराज ने क्या दावा किया था?
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को लेकर लिखे पत्र में कई गंभीर आरोप लगाए थे। इनमें दावा किया गया कि एक गुट ने कथित तौर पर विराट कोहली को ₹5 करोड़ देकर प्रेमानंद महाराज के दरबार में बुलाया, जिसके बाद महाराज की प्रसिद्धि देशभर में बढ़ी।
पत्र में आश्रम के आसपास जमीनों की खरीद-फरोख्त, कथित गुटबाजी और अन्य गंभीर आरोप भी लगाए गए तथा मामले की जांच के लिए CBI जांच की मांग की गई।
साथ ही प्रेमानंद महाराज को Z+ सुरक्षा देने की मांग भी रखी गई है।हालांकि, इन सभी गंभीर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने विशेष रूप से ₹5 करोड़ वाले दावे को गलत और निराधार बताया है।
