सिविल अस्पताल में नशा छुड़ाओ केंद्र का निरीक्षण: जालंधर में नशे के हॉटस्पॉट पर CP और DC का बड़ा एक्शन, 60 दिन में बदलाव लाने का लक्ष्य!
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत नई मुहिम शुरू, हॉटस्पॉट इलाकों में PCS-PPS अधिकारी तैनात; नशा तस्करी में शामिल मेडिकल स्टोरों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए जालंधर प्रशासन और पुलिस ने एक नई मुहिम शुरू की है। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने नशे के हॉटस्पॉट इलाकों का दौरा कर जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लिया।

इस दौरान नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण करने के साथ मरीजों की समस्याएं भी सुनी गईं। प्रशासन का लक्ष्य नशे की समस्या को खत्म करने के साथ प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों को बढ़ावा देना और लोगों को रोजगार से जोड़ना है।
हॉटस्पॉट इलाकों में PCS-PPS अधिकारी होंगे तैनात
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत शहर के सभी चिन्हित हॉटस्पॉट इलाकों में PCS और PPS रैंक के अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है।

ये अधिकारी स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेंगे। जरूरत पड़ने पर इलाकों में विकास कार्य भी करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अगले 60 दिनों के दौरान इन इलाकों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर आकलन कर समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। जालंधर देहात के क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है, ताकि नशे से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता मिल सके।
नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों की समस्याएं सुनेगा प्रशासन
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों में जाकर मरीजों से बातचीत की जा रही है और उनकी समस्याओं को समझा जा रहा है। उनका उद्देश्य उपचार व्यवस्था में सुधार करना और मरीजों को नशे से बाहर निकलने में मदद देना है।
मेडिकल स्टोरों पर सख्ती, लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ हुई बैठक में पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के तहत नशे की सबसे अधिक शिकायतें मिलने वाले इलाकों में पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई के साथ विकास कार्यों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में दो मेडिकल स्टोरों से करीब एक लाख नशीली गोलियां बरामद की गई थीं और संबंधित दुकानों को सील कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार दुकानदारों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पंजाब को नशामुक्त बनाकर दोबारा ‘रंगला पंजाब’ बनाया जा सकता है।
