बिजनेस क्लास का टिकट, सीट मिली इकोनॉमी में! गिप्पी ग्रेवाल ने Air Canada पर लगाए आरोप, एयरलाइन ने मांगी माफी
Punjab Hotmail Bureau, चंडीगढ़ /कनाडा। पंजाबी सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने एयर कनाडा की फ्लाइट में अपने साथ हुए अनुभव को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि उन्होंने बिजनेस क्लास की सीट के लिए भुगतान किया था, लेकिन उन्हें इकोनॉमी क्लास में सीट दे दी गई।

गिप्पी के मुताबिक, जब उन्होंने एयरलाइन स्टाफ से इस बारे में सवाल किया तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका दावा है कि स्टाफ ने कहा कि अब कुछ नहीं किया जा सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामला उठाने पर उन्हें फ्लाइट लेने या छोड़ने की बात कही गई और समाधान करने के बजाय विमान से उतारने की बात की गई।
गिप्पी ने कहा कि उन्होंने एयरलाइन से कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मांगी थी, बल्कि सिर्फ उस बिजनेस क्लास सीट की मांग की थी, जिसके लिए उन्होंने भुगतान किया था। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले में साधारण माफी तक नहीं मिली।

एयर कनाडा ने मांगी माफी
गिप्पी की पोस्ट के बाद Air Canada ने X पर जवाब देते हुए घटना पर खेद जताया और माफी मांगी। एयरलाइन ने उनसे बुकिंग रेफरेंस और टिकट पर दर्ज पूरा नाम DM के जरिए साझा करने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके।
हालांकि, एयरलाइन के जवाब में अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया कि सीट बदलने की स्थिति क्यों बनी।
AC1504 फ्लाइट को लेकर शिकायत
गिप्पी ने AC1504 फ्लाइट को लेकर शिकायत की है, जो टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच संचालित होती है। 16 सितंबर 2026 की इस फ्लाइट का निर्धारित समय टोरंटो से दोपहर 12 बजे उड़ान भरने और दोपहर 1:35 बजे नेवार्क पहुंचने का था।
फ्लाइट के लिए Airbus A320 विमान निर्धारित था और उड़ान अवधि करीब 1 घंटे 35 मिनट बताई गई। फिलहाल, गिप्पी को बिजनेस क्लास से इकोनॉमी में क्यों बैठाया गया, इसकी विस्तृत वजह एयर कनाडा की ओर से सामने नहीं आई है।
