परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद का व्यापक असर, बाजार बंद और हाईवे जाम!
मानसा में SHO सस्पेंड, आरोपी केमिस्ट की पत्नी हिरासत में; पिता ने शव लेने से किया इनकार, CBI जांच की मांग
झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद: जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर तनाव, दो बड़े अकाली नेता हिरासत में! परागपुर में पुलिस ने नेशनल हाईवे नहीं होने दिया बंद
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, पंजाब/जालंधर। एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को बुलाए गए पंजाब बंद का कई जिलों में व्यापक असर देखने को मिल रहा है।

लुधियाना, जालंधर, बठिंडा, मानसा, गुरदासपुर और पठानकोट समेत कई शहरों में बाजार बंद हैं। कई जगहों पर निजी स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे, जबकि सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित नहीं होने के बावजूद विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही।
किसान संगठनों ने लुधियाना, बठिंडा और मोहाली में चंडीगढ़ की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर जाम लगाया। वहीं, जालंधर, बठिंडा और फरीदकोट में कुछ किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

जालंधर के ज्योति चौक और रैणक बाजार में दुकानें बंद रहीं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने गुरु नानक मिशन चौक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
लुधियाना में प्रदर्शन के दौरान युवक की मौत
लुधियाना के शेरपुर चौक पर प्रदर्शन के दौरान बैनर लगाते समय करंट लगने से जसनदीप सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
SHO सस्पेंड, DSP के खिलाफ जांच की सिफारिश
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने सिटी-2 थाने की SHO बेअंत कौर को निलंबित कर दिया है। DSP हरजिंदर सिंह गिल के खिलाफ जांच के लिए DGP कार्यालय को सिफारिश भेजी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने झोटा के परिवार से अंतिम संस्कार को लेकर बातचीत भी की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
आरोपी केमिस्ट की पत्नी हिरासत में, परिवार ने शव लेने से किया इनकार
परविंदर झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उन्होंने नशे की बिक्री का विरोध किया था। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार पर हत्या का आरोप है।
पुलिस ने उसकी पत्नी नीलम रानी को भी हिरासत में लिया है। आरोप है कि उसने वारदात के बाद अपने पति को फरार होने में मदद की। पुलिस के अनुसार, मेडिकल स्टोर उसके नाम पर चल रहा था।
उधर, मृतक के पिता भीमा सिंह ने शव लेने से इनकार करते हुए हत्याकांड की CBI जांच की मांग की है। परिवार की मांगों और अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन के साथ बातचीत जारी है। पंजाब बंद के बीच लोगों की नजरें अब सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
जालंधर। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए पंजाब बंद के दौरान जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। बंद के दौरान पुलिस ने दो बड़े अकाली नेताओं को हिरासत में लिया। घटना के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई।
पंजाब बंद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आया। जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक में प्रदर्शन कर रहे अकाली नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया जो सड़कें बंद करने पहुंचे थे।
वहीं परागपुर में नेशनल हाईवे जाम करने पहुंचे झोटा के समर्थकों और किसानों को पुलिस कमिश्नर ने पहले समझाया बाद में पुलिस ने सख्ती बरती और हाईवे बंद नहीं होने दिया। जिस दौरान कई नेताओं को हिरासत में भी लिया है।
