पंजाब भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: शीतल अंगुराल, सुशील रिंकू, तेजिंदर बिट्टू, राजेश बाघा और राकेश राठौर को मिली अहम जिम्मेदारियां, पढ़ें और देखें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर/चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों की मंजूरी के बाद जारी नई सूची में जालंधर के कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इससे पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावी तैयारियों को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जालंधर के नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में तेजिंदर सिंह बिट्टू और सुशील कुमार रिंकू को भाजपा पंजाब का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं, शीतल अंगुराल को प्रदेश अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ नेता राजेश बाघा को प्रदेश महामंत्री (जनरल सेक्रेटरी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शीतल अंगुराल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और दलित समाज के उत्थान एवं संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करेंगे।

राकेश राठौर फिर बने प्रदेश उपाध्यक्ष
जालंधर के पूर्व मेयर और भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश राठौर को भी एक बार फिर भाजपा पंजाब का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद जालंधर और दोआबा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
राकेश राठौर लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वह पहले जालंधर के मेयर, तीन बार भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री और दो बार प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव को देखते हुए एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राकेश राठौर की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अनुभव और नेतृत्व संगठन को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि राठौर हमेशा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की आवाज को नेतृत्व तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

नेताओं ने विश्वास जताया कि आगामी संगठनात्मक अभियानों और चुनावी तैयारियों में उनका मार्गदर्शन भाजपा को पंजाब में और मजबूत करेगा।
शुभकामनाएं देने पहुंचे भाजपा नेता
राकेश राठौर की नियुक्ति पर उन्हें बधाई देने वालों में भाजपा जिला जालंधर के पूर्व अध्यक्ष रमन पब्बी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (भाजयुमो) सनी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, जिला सचिव अमित भाटिया, कमलदीप कोहली,
नितिन बहरोल, वरुण नागपाल, अशोक, राजन शर्मा, अनिल भाटिया, प्रणव भाटिया, दलजीत सिंह, दमनजीत, लक्षित, अजय ठाकुर, सुरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
