नकोदर दरबार में नतमस्तक हुए हरियाणा CM नायब सैनी: बोले— पंजाब फिर बने देश का नंबर-1 राज्य, खुशहाली, शांति और भाईचारे की कामना की
#NayabSaini #Nakodar #PunjabNews #Haryana #BreakingNews #PunjabPolitics #BapuLalBadshah #Jalandhar
Punjab Hotmail, नकोदर/जालंधर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को नकोदर स्थित अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के तीन दिवसीय वार्षिक मेले के अंतिम दिन दरबार पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे उनके आगमन पर प्रबंधक कमेटी और भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने दरबार में माथा टेककर देश, पंजाब और हरियाणा की खुशहाली, शांति और भाईचारे की कामना की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उसी तरह उनकी दिली इच्छा है कि पंजाब भी एक बार फिर देश का नंबर-1 राज्य बने और हर क्षेत्र में नई बुलंदियां हासिल करे। उन्होंने बापू लाल बादशाह जी की गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा की भावना को प्रेरणादायक बताते हुए दरबार की आध्यात्मिक विरासत को नमन किया।

नायब सैनी ने पंजाब से अपने आत्मीय रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि यदि पंजाब के किसी व्यक्ति या हरियाणा में रहने वाले उनके रिश्तेदारों का कोई काम हो, तो वे बेझिझक उनसे संपर्क करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक भाई की तरह हरसंभव सहयोग किया जाएगा।कार्यक्रम का सबसे यादगार पल तब रहा जब मुख्यमंत्री ने अपना पूरा संबोधन शुद्ध और सहज पंजाबी भाषा में दिया। उनकी पंजाबी सुनकर पूरा दरबार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मंच संचालक ने भी उनकी भाषा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें सुनकर ऐसा लगा मानो पंजाब का अपना ही मुख्यमंत्री संबोधित कर रहा हो।
इस मौके पर प्रबंधक कमेटी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और पूर्व मंत्री असीम गोयल को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में साईं हंस दरवेश, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, जगबीर बराड़, मनीष धीर, शेफी चावला, दविंदर कलेर, अजय बजाज और आदित्य भटारा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
