Gymkhana Club Election: 25 उम्मीदवार, सभी के नामांकन सही; आज-कल नामांकन वापसी… चुनाव प्रचार जोरों पर!
10 एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 16 उम्मीदवारों में महामुकाबला, 8 नए चेहरों पर सभी की नजर, इनके विजन क्लब की आभा बदलने को तैयार
मनमोहन सिंह, पंजाब हॉटमेल (जालंधर)। जालंधर जिमखाना क्लब (Gymkhana Club Election) के चुनाव में इस बार बहुत कुछ दाव पर है, प्रोग्रेसिव ग्रुप के वर्चस्व और अचीवर्स की प्रतिष्ठा का फैसला होगा। 30 अगस्त को होने जा रहे जालंधर जिमखाना क्लब के चुनावों को लेकर अब तस्वीर साफ होने लगी है।

चुनाव मैदान में उतरे दोनों ग्रुप प्रोग्रेसिव और अचीवर्ज के उम्मीदवार डोर-टू-डोर प्रचार में जुट गए हैं। फिलहाल चुनावी माहौल फिलहाल शांत नजर आ रहा है पर प्रचार ने गति पकड ली है।
चुनावी प्रक्रिया के तहत रविवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा की गई स्क्रूटनी में सभी 25 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। उम्मीदवार 25 – अगस्त तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, अचीवर्ज ग्रुप ने चार प्रमुख पदों के अलावा 9 उम्मीदवार एग्जीक्यूटिव पदों के लिए मैदान में उतारे हैं जिनमें नितिन बहल, शालिनी कालड़ा, विन्नी शर्मा धवन, सीए राजीव बंसल, महिंदर सिंह, अतुल तलवाड, एमबी बाली, रिशु झांजी और जुबिन शिंगारी शामिल हैं।

वहीं, प्रोग्रेसिव ग्रुप ने 7 एग्जीक्यूटिव उम्मीदवार जिनमें प्रो विपन झांजी, शालीन जोशी, एडवोकेट तरनजोत सिंह सिदाना, मनिंदर सिंह बेदी, गगनदीप उप्पल, कैप्टन रमन और जसदीप सिंह छाबड़ा शामिल हैं।
इस बार सेक्रेटरी पोस्ट के लिए अचीवर्ज की ओर से अमित कुकरेजा, प्रोग्रेसिव से रोटेरियन विजय सहदेव और माइकल दास ओहरी ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। इस तरह कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

कुछ पदों पर कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। खास तौर पर एग्जीक्यूटिव पदों के लिए इस बार मुकाबला रोचक रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि चुनाव में कई पुराने और मजबूत उम्मीदवारों को भी कड़ी चुनौती मिल सकती है। इसी कारण एग्जीक्यूटिव पदों के लिए उम्मीदवारों ने प्रचार पर ज्यादा जोर पकड़ लिया है।
चुनाव से पहले रविवार को दोनों ग्रुपों के उम्मीदवारों ने मतदाताओं से संपर्क अभियान चलाया। दिनभर क्लब परिसर में सदस्यों के बीच चुनावी चर्चाएं प्रमुख रहीं। क्लब के 4663 सदस्य हैं जिनमें 4078 ही वोट डाल सकते हैं। इस बार वोटिंग प्रतिशत हार-जीत का नतीजा तय करेगा।
इस दौरान सदस्यों ने ऑल वेदर स्विमिंग पूल, मल्टीस्टोरी पार्किंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाओं के विकास, कैटरिंग सर्विस में बदलाव और गतिविधियों में नई ताजगी लाने जैसे मुद्दों पर बात रखी।कई सदस्यों ने यह भी कहा कि क्लब भवन में जगह सीमित है और पार्किंग क्षेत्र छोटा है, इसलिए नई सदस्यता से परहेज किया जाए।
सदस्यों के अनुसार केवल पुराने सदस्यों की सदस्यता ट्रांसफर की सुविधा बनी रहनी चाहिए। चर्चा में क्लब की 12.40 करोड़ रुपए की परिसंपत्तियों का उल्लेख करते हुए खर्च नियंत्रण की जरूरत भी उठी।
