जालंधर में SIR के बाद अंतिम वोटर सूची जारी: जिले में कुल 15,25,450 मतदाता, पुरुषों से कम महिलाओं की संख्या; वोट कटी है तो ऐसे करें अप्लाई!
अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को सौंपी वोटर लिस्ट की कॉपियां, फिल्लौर से आदमपुर तक सभी 9 विधानसभा हलकों के आंकड़े जारी
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर।भारत चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को जिला जालंधर की अंतिम वोटर सूची प्रकाशित कर दी गई।

अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 15,25,450 मतदाता हैं। इनमें 7,78,194 पुरुष, 7,47,203 महिलाएं और 53 थर्ड जेंडर शामिल हैं।
अंतिम वोटर सूची के प्रकाशन के बाद अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को वोटर सूची की हार्ड कॉपी और बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी सौंपी।
उन्होंने बताया कि यह सूची 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि मानकर तैयार की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि वोटर सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अगस्त 2026 को किया गया था।
इसके बाद 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। नोटिस चरण के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 8 अक्टूबर 2026 तक किया गया। पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है।
विधानसभा हलके के अनुसार मतदाताओं की संख्या
अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले के सभी 9 विधानसभा हलकों में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है।
- 1. फिल्लौर: कुल 1,88,005 मतदाता, जिनमें 96,985 पुरुष, 91,014 महिलाएं और 6 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 2. नकोदर: कुल 1,79,354 मतदाता, जिनमें 92,521 पुरुष, 86,829 महिलाएं और 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 3. शाहकोट: कुल 1,68,393 मतदाता, जिनमें 86,746 पुरुष, 81,641 महिलाएं और 6 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 4. करतारपुर: कुल 1,77,096 मतदाता, जिनमें 90,927 पुरुष, 86,164 महिलाएं और 5 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 5. जालंधर पश्चिमी: कुल 1,63,415 मतदाता, जिनमें 81,863 पुरुष, 81,540 महिलाएं और 12 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 6. जालंधर केंद्रीय: कुल 1,47,645 मतदाता, जिनमें 73,856 पुरुष, 73,785 महिलाएं और 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 7. जालंधर उत्तरी: कुल 1,68,009 मतदाता, जिनमें 84,824 पुरुष, 83,179 महिलाएं और 6 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 8. जालंधर छावनी: कुल 1,76,638 मतदाता, जिनमें 89,441 पुरुष, 87,192 महिलाएं और 5 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
- 9. आदमपुर: कुल 1,56,895 मतदाता, जिनमें 81,031 पुरुष, 75,859 महिलाएं और 5 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
वेबसाइट पर भी देख सकेंगे अंतिम वोटर सूची
अमनिंदर कौर ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in/index और जिला जालंधर की वेबसाइट jalandhar.nic.in पर उपलब्ध है।
इसके अलावा मतदाता सूची जिला चुनाव कार्यालय, संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कार्यालयों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के पास भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने SIR-2026 की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहयोग देने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार डॉ. दीपक राज भी उपस्थित थे।
