जालंधर में AAP पार्षद के पति पर जानलेवा हमला: भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की बोले—‘पुलिस और सत्ताधारी नेता सुरक्षित नहीं, आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?’
हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग; पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। वार्ड नंबर 23 की आम आदमी पार्टी की पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर काजी मंडी में हुए जानलेवा हमले को लेकर भाजपा ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है।

जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोगों के परिवार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पुलिस और सत्ताधारी दल के नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
भाजपा प्रधान ने पंजाब सरकार से मांग की कि हरपाल मिंटू पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रदेश के लोगों को सुरक्षित माहौल मिले और उनकी जान-माल की रक्षा सुनिश्चित हो। अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि कानून-व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कायम रह सके।
