AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeJalandharPunjab HotmailPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

जालंधर में बर्थडे पार्टी के दौरान खूनी झड़प! युवक पर दातर से हमला, 4 के खिलाफ FIR; परिजनों का आरोप- पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तारी

Spread the love

50 हजार रुपये मांगने और परिवार को परेशान करने के आरोपों से गरमाया मामला, पुलिस बोली- CCTV में लड़ाई करते दिखे चारों युवक

पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स चौकी क्षेत्र में शेर सिंह कॉलोनी पुल के पास रविवार को छात्रों के बीच हुए झगड़े ने अब नया मोड़ ले लिया है। दोस्तों के साथ जन्मदिन पर केक काटने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद कथित तौर पर हिंसक हो गया और एक युवक पर दातर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

मामले में चार युवकों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष के परिजनों ने लेदर कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने और परिवार को परेशान करने के आरोप लगाए हैं।

आरोपी पक्ष का आरोप- घर में घुसकर की बदसलूकी

आरोपी सागर और उसके भाई का आरोप है कि पुलिस मुख्य हमलावर को गिरफ्तार करने के बजाय बेकसूर युवकों और उनके परिवार को परेशान कर रही है। परिजनों का दावा है कि पुलिस उनके घर में जबरन दाखिल हुई, उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई तथा गाड़ी की चाबियां छीनकर उनके पिता को जबरन पुलिस चौकी ले जाया गया। परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

50 हजार रुपये की मांग करने का भी आरोप

आरोपी पक्ष ने इलाके के अंकित नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसने केस से नाम हटवाने और मामले को रफा-दफा करवाने के बदले 50 हजार रुपये मांगे थे। परिजनों के मुताबिक, आर्थिक स्थिति कमजोर होने और किराए के मकान में रहने का हवाला देकर पैसे देने से इनकार करने के बाद उन्हें कथित तौर पर निशाना बनाया गया।

परिवार का यह भी आरोप है कि जिस युवक ने मुख्य रूप से हमला किया था, वह अभी खुलेआम घूम रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

CCTV फुटेज में चार युवक दिखाई देने का पुलिस का दावा

मामले में लेदर कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि पीड़िता सीमा के बयानों के आधार पर प्रयास, एलन, गैरी और गौरव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें चारों युवक झगड़े में शामिल दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने दिया जांच का भरोसा

पुलिस ने आरोपी पक्ष के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि किसी के पास युवकों की बेगुनाही के सबूत या वीडियो हैं, तो वे वरिष्ठ ACP/DCP अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रख सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *