Breaking NewsChandigarhCityCrimeEducationIndiaJalandharPunjab GovernmentPunjab HotmailPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

जालंधर के ट्विंकल-ट्विंकल मॉडल हाई स्कूल में छात्रों की झड़प, 10वीं का छात्र घायल; परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा, पुलिस जांच में जुटी!

Spread the love

Punjab Hotmail Bureau, जालंधर: किशनपुरा के अधीन न्यू पृथ्वी नगर स्थित ट्विंकल-ट्विंकल मॉडल हाई स्कूल (TTMS) में तीन दिन पहले दो छात्रों के बीच हुई झड़प के बाद शुक्रवार को एक छात्र के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हंगामे के दौरान स्कूल प्रशासन ने एहतियातन बच्चों की छुट्टी कर दी और गेट बंद कर दिया।

बताया जा रहा है कि स्कूल में रखे अतिरिक्त बेंच को लेकर 9वीं कक्षा के छात्र और 10वीं कक्षा के छात्र आकाशदीप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद दौरान 9वीं कक्षा के छात्र ने आकाशदीप पर कुर्सियों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

इसके बाद उसे उपचार के लिए सैक्रेड हार्ट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिवार के अनुसार, डॉक्टरों ने जांच के बाद किडनी के पास की थैली फटने और अंदरूनी रक्तस्राव की बात कही तथा ऑपरेशन की जरूरत बताई। फिलहाल आकाशदीप की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पिता का आरोप—पहले इलाज का भरोसा दिया, अब परिवार पर जिम्मेदारी

आकाशदीप के पिता जसबीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा 10वीं कक्षा में पढ़ता है और पढ़ाई में अच्छा है। उन्होंने कहा कि स्कूल टीचर कई बार उनके बेटे को समय से पहले बुला लेते थे।

इसी दौरान कक्षा में एक अतिरिक्त बेंच रखा हुआ था। बेंच को लेकर 9वीं कक्षा के छात्र से विवाद हुआ। उनके बेटे ने कथित तौर पर कहा कि टीचर के आने के बाद बेंच ले जाना, लेकिन इसके बाद छात्र ने उस पर कुर्सियों से हमला कर दिया।

जसबीर सिंह के मुताबिक, बेटे की हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने स्कूल प्रशासन से इलाज का खर्च उठाने की मांग की और कहा कि वे फिलहाल कोई शिकायत नहीं करवाना चाहते।

उनका आरोप है कि शुरुआत में स्कूल प्रशासन ने इलाज करवाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में इलाज का खर्च बच्चे के परिवार द्वारा उठाने की बात कही गई। इसी मामले में वे शुक्रवार को स्कूल पहुंचे थे।

परिजनों का यह भी आरोप है कि अभी तक उन्हें उस छात्र से नहीं मिलवाया गया है, जिसने आकाशदीप पर हमला किया था। परिवार ने मामले में इंसाफ की मांग की है।

स्कूल में हंगामे के बाद बच्चों की छुट्टी

घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, तीन दिन पहले दो बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था और दोनों बच्चे अब ठीक बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने बताया कि प्रार्थना के समय दोनों छात्र कक्षा में झगड़ने लगे थे।

वहीं, स्कूल टीचर मीरा ने बताया कि दो छात्रों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें एक छात्र को चोट लगी और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि छात्र का ऑपरेशन हुआ है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

टीचर के अनुसार, छात्र के परिजन कई बार अन्य लोगों को साथ लेकर स्कूल पहुंचे और छात्र की मदद को लेकर दबाव बनाया। शुक्रवार को दोबारा परिजन पहुंचे और एक महिला द्वारा हंगामा किए जाने के बाद स्कूल का गेट बंद कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद स्कूल में बच्चों की छुट्टी कर दी गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने बताया कि स्कूल में दो छात्रों के बीच लड़ाई हुई थी। इस दौरान एक छात्र को चोट लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्रों के परिजनों को थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही झड़प की पूरी वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *