ऑनलाइन गेमिंग के तनाव ने बुझाई दो जिंदगियां! नवांशहर में 3 दोस्तों के जहरीला पदार्थ निगलने का मामला, 13 वर्षीय परमजीत के बाद 21 वर्षीय दिलप्रीत की भी मौत
पंजाब हॉटमेल, जालंधर/नवांशहर। पंजाब के नवांशहर जिले के गांव गढ़पधाना से सामने आई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कुछ दिन पहले तीन दोस्तों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलने के मामले में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

13 वर्षीय परमजीत सिंह खालसा के बाद अब 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और शोक की लहर है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त आपस में बेहद घनिष्ठ थे और ज्यादातर समय एक-दूसरे के साथ ही रहते थे। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दिलप्रीत सिंह ऑनलाइन गेम खेलता था और कथित तौर पर उसमें काफी पैसे हार गया था।
बताया जा रहा है कि इसके चलते वह मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि परिवार के डर और दबाव के चलते तीनों दोस्तों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
एक के बाद दूसरे दोस्त की मौत
घटना के कुछ समय बाद ही 13 वर्षीय परमजीत सिंह खालसा की मौत हो गई थी। वहीं 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद आज इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।वहीं तीसरे युवक मनिंदर सिंह का उपचार जारी है और उसकी हालत पहले के मुकाबले बेहतर बताई जा रही है।
छोटे खालसा को नम आंखों से अंतिम विदाई
परमजीत सिंह खालसा का पोस्टमार्टम होने के बाद जब उसका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम थीं।
बड़ी संख्या में निहंग सिंह भी अंतिम अरदास और अंतिम संस्कार में शामिल हुए तथा छोटे खालसा को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
ऑनलाइन गेमिंग और मानसिक दबाव पर उठे गंभीर सवाल
इस हृदयविदारक घटना ने ऑनलाइन गेमिंग, आर्थिक नुकसान और युवाओं पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और तीनों युवकों द्वारा उठाए गए कदम की परिस्थितियां जांच का विषय हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
