AdministrationAmericaBreaking NewsChandigarhCityCrimeGovernmentIndiaInternationalअपराध समाचारअमेरिका (न्यूजर्सी)देश-विदेशपंजाबराज्य समाचार

अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला, शरीर पर आईं 17 चोटें

Spread the love

वायोमिंग के I-80 हाईवे विश्राम स्थल पर बाथरूम में घुसकर हमलावर ने किए ताबड़तोड़ वार, 44 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। अमेरिका के वायोमिंग राज्य में इंटरस्टेट-80 हाईवे के एक विश्राम स्थल पर 28 वर्षीय पंजाबी सिख ट्रक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

चालक के अनुसार, ट्रक पार्क करने के बाद जब वह बाथरूम में गया तो एक अजनबी ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। पहले उसके सिर और गर्दन पर मुक्के मारे गए और फिर चाकू से बाजुओं, छाती, गर्दन और पसलियों पर कई वार किए गए। हमले में उसके शरीर पर कुल 17 चोटें आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, घायल चालक ने किसी तरह हमलावर का सामना किया। इसी दौरान आरोपी का पैर फिसल गया और वह मौके से भागकर अपने ट्रक में सवार होकर फरार हो गया।

घायल चालक ने पार्किंग क्षेत्र में पहुंचकर 911 पर कॉल किया और वहां मौजूद एक परिवार से मदद मांगी। परिवार के सदस्यों ने एंबुलेंस पहुंचने तक उसके घावों पर तौलिए से मदद की।

स्वीटवॉटर काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, जांच के बाद वायोमिंग हाईवे पेट्रोल ने कैलिफोर्निया के सैन गैब्रियल निवासी 44 वर्षीय एंड्रयू क्रिस बज़डक को रावलिन्स में गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी का विरोध नहीं किया। उसे स्वीटवॉटर काउंटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और उस पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है।

घायल चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके मुताबिक, दाहिने हाथ पर लगी चोट इतनी गहरी थी कि हड्डी दिखाई दे रही थी, जबकि बाईं छाती में भी गंभीर घाव हुआ।

पुलिस ने फिलहाल हमले के पीछे किसी वजह की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर चालक की तस्वीरें और वीडियो सामने आने से पंजाबी सिख समुदाय में चिंता और चर्चा बढ़ गई। कुछ लोगों ने हमले को नफरत से प्रेरित अपराध बताया है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *