जालंधर में पुलिस की बड़ी कामयाबी: डॉक्टर के घर फायरिंग करने वाले दो आरोपी हथियारों समेत गिरफ्तार… पढ़ें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर: Commissionerate Police Jalandhar ने शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए संतोषपुरा इलाके में एक सरकारी पशु चिकित्सक के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। घटना 28 फरवरी 2026 की तड़के करीब 1:40 बजे की है, जब संतोषपुरा निवासी सरकारी वेटरनरी डॉक्टर डॉ. यशपाल के घर के बाहर खड़ी कार और मुख्य गेट पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं।

देर रात हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और थाना डिवीजन नंबर 8 में मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर (IPS) के नेतृत्व में डीसीपी इन्वेस्टिगेशन, एडीसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सीआईए स्टाफ और स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने जगजीत सिंह पुत्र दलजीत सिंह और लवप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, दोनों निवासी गांव बडाला जोहल, थाना जंडियाला गुरु, जिला अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय आरोपियों के कब्जे से 30 बोर और 32 बोर की दो पिस्टल, मैगजीन, 6 जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं और हथियारों का स्रोत क्या है।
नपुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अमन-शांति बनाए रखने के लिए ऐसे आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
