पंजाब में बाढ़ से हालात बिगड़े: जालंधर में मकान ढहा, स्कूल-कॉलेज इतने दिनों तक रहेंगे बंद; घग्गर-सतलुज उफान पर… पढ़ें और देखें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर/चंडीगढ़। पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर दिया है।

मुख्य सचिव केएपी सिन्हा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और स्कूल-कॉलेज 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। पहले यह बंदी 3 सितंबर तक थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।

प्रदेश के 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 1200 से अधिक गांव प्रभावित हो चुके हैं। घग्गर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जो बुधवार सुबह 7 फीट तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 8 फीट है।
मोहाली जिला प्रशासन ने घग्गर नदी और सुखना झील के किनारों पर रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि नंगल और सतलुज किनारे बसे गांवों में बांध कमजोर हो गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
इस बीच, जालंधर के बस्ती शेख इलाके में एक घर गिर गया। बारिश के चलते मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। गनीमत रही कि हादसे के समय घर का मालिक बाहर दूध लाने गया था, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बढ़ते जलस्तर और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में तेजी से जुटा हुआ है।
