जालंधर में सनसनी: कारोबारी पर रेप व 80 लाख की ठगी के आरोप, महिला बोली– समझौते का दबाव; आरोपी ने कहा- सच्चाई जल्द सामने लाऊंगा
#Jalandhar #CrimeNews #RapeAllegation #FraudCase #PunjabPolice #WomenSafety #BreakingNews #CyberInvestigation
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। शहर में एक नामी कारोबारी पर रेप और 80 लाख रुपये की ठगी के आरोप लगने से हड़कंप मच गया है। पीड़ित महिला ने एसीपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और अब मामले को दबाने के लिए समझौते का दबाव बना रहा है।

महिला ने साफ कहा है कि वह किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेगी और कानूनी लड़ाई लड़ेगी। महिला के मुताबिक, उसकी मुलाकात कारोबारी से एक जिम में हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने खुद को पारिवारिक रूप से परेशान बताते हुए उसे भावनात्मक रूप से प्रभावित किया।
महिला का दावा है कि कारोबारी शादीशुदा है, उसकी दो बेटियां हैं और उसकी पत्नी कनाडा में रहती है। उसने बेटा होने की इच्छा जताकर उसे भरोसे में लिया और बाद में कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने 80 लाख रुपये की ठगी का भी आरोप लगाया है।पीड़िता ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अभद्र टिप्पणियां की गईं। संबंधित आईपी एड्रेस पुलिस को सौंप दिए गए हैं और साइबर जांच की मांग की गई है।
वहीं, आरोपी व्यापारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि महिला झूठ बोल रही है और वह जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगा।
पुलिस का कहना है कि थाना-7 के प्रभारी कुलविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
