रंधावा सुसाइड केस में बड़ा एक्शन: पूर्व AAP मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार, CBI जांच की तैयारी तेज
पंजाब हॉटमेल, अमृतसर। वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मामले को CBI को सौंपने का भरोसा दिया था।

मोबाइल को लेकर परिजनों का इनकार
रंधावा का पोस्टमॉर्टम अभी तक नहीं हुआ है और उनका शव अमृतसर के अस्पताल में रखा गया है। सोमवार को DCP रविंदर पाल सिंह टीम के साथ परिजनों से DM का मोबाइल फोन लेने पहुंचे थे, यह कहते हुए कि उसमें अहम सबूत हो सकते हैं। हालांकि, परिजनों ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि पहले आरोपी की गिरफ्तारी होनी चाहिए।

लोकसभा में गूंजा मामला, CBI जांच के संकेत
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने यह मुद्दा लोकसभा में उठाया। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यदि पंजाब के सांसद लिखित में मांग करते हैं तो वह केस CBI को ट्रांसफर कर देंगे।इसके बाद कांग्रेस के 7 में से 4 सांसदों—चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला और धर्मवीर गांधी—ने शाह को पत्र भेज दिया। बाकी तीन कांग्रेस सांसदों के हस्ताक्षर नहीं हैं।
CCTV फुटेज आया सामनेइस बीच रंधावा के सुसाइड से जुड़ा करीब 3 मिनट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में 21 मार्च की सुबह करीब 5:45 बजे वह घर के आंगन में टहलते दिख रहे हैं।
कुछ देर बाद वह रुकते हैं, कथित रूप से सल्फास की गोलियां मुंह में डालकर पानी पीते हैं। इसके बाद उन्होंने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर कहा था कि “मैंने सल्फास खा ली है… मिनिस्टर लालजीत भुल्लर से तंग आकर… अब मैं नहीं बचूंगा।”
सियासी घमासान तेज
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से 7 कांग्रेस, 3 AAP, 2 निर्दलीय और 1 अकाली दल के पास हैं। कांग्रेस और अकाली दल इस मामले में रंधावा परिवार के समर्थन में खड़े हैं। मामले ने पंजाब की राजनीति में उबाल ला दिया है और आने वाले दिनों में CBI जांच को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।
