जालंधर में देर रात चली ताबड़तोड़ गोलियां: डॉक्टर के घर और कार पर 10 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद वारदात
#Jalandhar #FiringCase #CrimeNews #PunjabPolice #CCTVFootage #BreakingNews #LawAndOrder
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। महानगर में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला संतोखपुरा इलाके से सामने आया है, जहां देर रात बदमाशों ने डॉक्टर के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:40 बजे बाइक पर सवार बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी कार पर पहले फायरिंग की और फिर घर की ओर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के समय डॉक्टर अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी थाना-8 के एसएचओ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना को लेकर स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें रात 2 बजे डॉक्टर का फोन आया, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मामला पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के संज्ञान में लाया गया है, जिन्होंने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
हालांकि अभी तक किसी प्रकार की फिरौती या धमकी की बात सामने नहीं आई है। डॉक्टर की किसी से रंजिश भी नहीं बताई जा रही, जिससे पुलिस इस हमले के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।
