कमल कौर भाभी ‘Murder Case: दुबई से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरो, पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। कमल कौर मर्डर केस में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरो को मिडिल ईस्ट से गिरफ्तार कर पंजाब लाया गया है।

गिरफ्तारी पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC सेल के जरिए की गई।
गौरतलब है कि 11 जून 2025 को कमल कौर का शव बठिंडा के आदेश हॉस्पिटल की पार्किंग से बरामद हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई थी कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।
इस मामले में मेहरो के तीन साथी—जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रंजीत सिंह—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
वारदात के बाद अमृतपाल सिंह मेहरो दुबई फरार हो गया था और लंबे समय से वहीं छिपा हुआ था। 7 फरवरी को बठिंडा कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद पंजाब पुलिस ने इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया, जिसके चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
