घबराएं नहीं जालंधर वासी! LPG, डीजल और पेट्रोल को लेकर DC का आया बयान, पढ़ें
#Jalandhar #DeputyCommissioner #LPGStock #FuelSupply #NoPanicBuying #EssentialCommoditiesAct #PunjabAdministration #PublicNotice
पंजाब हॉटमेल, जालंधर (मनमोहन सिंह)। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिला वासियों को आश्वस्त किया है कि एल.पी.जी. सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जिले में जनता की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य कर रही है।

डॉ. अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में खरीदारी से बचें। प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं के स्टॉक और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की कमी न हो।
तेल कंपनियों और एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक
डिप्टी कमिश्नर ने इस संबंध में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ-साथ गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मौजूदा स्टॉक की समीक्षा की।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि एल.पी.जी. सिलेंडर की रिफिल बुकिंग का निर्धारित समय 25 दिन है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी
डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि किल्लत की झूठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी

।उन्होंने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों से भी अपील की कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आए तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें।बैठक में सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकिलन आर., डीएफएससी नरिंदर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
