जालंधर में दहशत की दोहरी मार: फायरिंग के बाद स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर; पढ़ें और देखें
#Jalandhar #BombThreat #SchoolSecurity #PunjabPolice #HighAlert #LawAndOrder #PublicSafety #FestivalAlert #BreakingNews
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। जालंधर में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। एक ही दिन दो फायरिंग की घटनाओं से दहले शहर में अब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ने सनसनी फैला दी है। होली से पहले आई इस चेतावनी ने न सिर्फ प्रशासन बल्कि अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच भी डर का माहौल पैदा कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार शहर के एपीजे स्कूल और Police DAV Public School समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। ईमेल में होली के दिन “खून की होली” और “खतरनाक होली” खेलने जैसी आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
इतना ही नहीं, संदेश में ट्रेनों को भी निशाना बनाने का जिक्र किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।धमकी सामने आते ही पुलिस और जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। संबंधित स्कूलों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया और पूरे कैंपस की गहन तलाशी ली गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। ईमेल की तकनीकी जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश किस आईडी और किस लोकेशन से भेजा गया।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है और स्थिति नियंत्रण में है।गौरतलब है कि शहर में हाल ही में हुई दो फायरिंग की घटनाओं ने पहले ही कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे।
ऐसे में स्कूलों को मिली बम धमकी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। त्योहार के मद्देनज़र पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
