हर परिवार तक स्वास्थ्य सुरक्षा: डिप्टी कमिश्नर ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की 100% रजिस्ट्रेशन के दिए निर्देश
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। डा. हिमांशु अग्रवाल ने जिले में चल रही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत एनरोलमेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक परिवार का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचना चाहिए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी सहित अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने सभी एस.डी.एम. को अपने-अपने क्षेत्रों में आशा वर्करों और एनजीओ के सहयोग से जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक परिवार योजना के दायरे में आ सकें।

डा. अग्रवाल ने बताया कि जिले के 490 सीएससी केंद्रों और सेवा केंद्रों पर रोजाना विशेष कैंप लगाकर योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत प्रति परिवार सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), वोटर कार्ड और नाबालिग बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक है। साथ ही कम से कम दो परिवारिक सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, कॉमन सर्विस सेंटर्स और अन्य संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि इस जनहितकारी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी सीएससी या विशेष कैंप में जाकर शीघ्र रजिस्ट्रेशन करवाएं और योजना का लाभ उठाएं।
#Jalandhar #MukhyamantriSehatYojana #HealthForAll #PunjabGovernment #SehatCard #PublicWelfare #PunjabNews
