नशे की लत ने बनवाया बैंक लुटेरा!रिटायर्ड DSP का बेटा निकला मास्टरमाइंड, 2 मिनट में ₹6.27 लाख की लूट — 12 घंटे में पुलिस ने किया ट्रेस… !
#Jalandhar #PunjabNews #BankLoot #CrimeReport #LawAndOrder #Breaking #PublicSafety
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। खुरला किंगरा के कुक्की ढाब रोड स्थित बैंक एन्क्लेव फेज-2 में सोमवार दोपहर 2:35 बजे दिनदहाड़े सनसनीखेज बैंक लूट की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया।
मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि लूट के 6 घंटे बाद वारदात को ट्रेस कर लिया था। पुलिस ने आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरीक सिंह निवासी ग्रीन मॉडल टाउन जालंधर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक रिवाल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।

ब्लैक रंग की एक्टिवा पर आए दो नकाबपोश लुटेरों ने मात्र 2 मिनट में 6 लाख 27 हजार 700 रुपए लूट लिए और फरार हो गए। वारदात Punjab National Bank की शाखा में हुई, जहां उस समय कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।
आते ही कैशियर पर तान दी पिस्टल
लंच के बाद बैंक में कुल 6 लोग मौजूद थे—3 कर्मचारी और 3 ग्राहक। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक लुटेरा लाल जैकेट में पिस्टल लेकर सीधे कैशियर सीमा के पास पहुंचा और कैश देने की धमकी दी, जबकि दूसरा नीली चेक कमीज में नुकीले हथियार के साथ खड़ा रहा।
डर के माहौल में कैशियर ने काउंटर पर रखा सारा कैश सौंप दिया। लुटेरों ने कैरी बैग में रकम भरी और फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
6 घंटे में खुला राज – रिटायर्ड DSP का बेटा निकला आरोपी
पुलिस ने महज 6 घंटे में केस ट्रेस कर लिया। जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड एक रिटायर्ड DSP का बेटा है, जो नशे का आदी बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने बैंक की रेकी की थी और उसे पता था कि दोपहर बाद बैंक में भीड़ कम होती है और गार्ड तैनात नहीं रहता। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को लाइसेंसी हथियार बताया जा रहा है।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
लुटेरे वारदात के बाद कुक्की ढाब से होते हुए लांबड़ा और खांबड़ा की ओर निकले, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर अर्बन एस्टेट एरिया तक उनका रूट ट्रेस कर लिया। कपड़े बदलने के बावजूद पुलिस ने दोनों को पहचान लिया।
लॉकर ग्राहकों में मचा हड़कंप
बैंक में डकैती की खबर आग की तरह फैली तो करीब 270 लॉकर धारकों में दहशत फैल गई। कई महिलाएं रोती हुई बैंक पहुंचीं। किसी ने पोती की शादी के गहने रखे थे, तो किसी ने बेटी की शादी के लिए जेवर सुरक्षित किए थे।
जब उन्हें पता चला कि लुटेरे सिर्फ कैश ले गए हैं और लॉकर सुरक्षित हैं, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।एक महिला ग्राहक ने भावुक होकर कहा— “अगर लॉकर लुट जाते तो बेटी की शादी कैसे करती?”
सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े बैंक में गार्ड की गैरमौजूदगी और ग्राहकों को सूचना न देने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना ने बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंतन की जरूरत को उजागर कर दिया है।
यह वारदात सिर्फ एक लूट नहीं, बल्कि नशे की बढ़ती समस्या और सुरक्षा चूक की बड़ी चेतावनी बनकर सामने आई है।
