जालंधर में CM भगवंत मान का बड़ा संदेश: PAP पासिंग आउट परेड में बोले—पंजाब पुलिस की ट्रेनिंग का दुनिया में बज रहा डंका… पढ़ें और देखें
#JalandharNews #CM_BhagwantMann #PAPPassingOutParade #PunjabPolice #PoliceTraining #PunjabGovernment #DoabaRegion #LawAndOrder #YouthRecruitment
पंजाब हॉटमेल, जालंधर (मनमोहन सिंह)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने Punjab Police Academy (PAP) में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में शिरकत की। इस मौके पर डीजीपी गौरव यादव भी मौजूद रहे और दोनों ने नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों की परेड की सलामी ली।

परेड को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों को सेवा, ईमानदारी और मानवता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को हमेशा गरीब और पीड़ित की दुआएं लेनी चाहिए, क्योंकि गरीब की ‘हाय’ और परमात्मा के बीच कोई बाईपास नहीं होता।
अगर दोषियों को सजा और पीड़ित को समय पर इंसाफ मिल जाए, तो वही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सीएम मान ने गर्व से कहा कि पंजाब के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर—फिल्लौर और PAP कपूरथला—की कार्यकुशलता इतनी शानदार है कि अन्य राज्यों और पड़ोसी देशों से भी अपनी पुलिस को यहां ट्रेनिंग दिलाने के प्रस्ताव आ रहे हैं।

हालांकि, पंजाब में बड़े स्तर पर चल रही भर्तियों के चलते फिलहाल बाहरी राज्यों को ट्रेनिंग देने की क्षमता नहीं है, जिसे उन्होंने सकारात्मक संकेत बताया।
मुख्यमंत्री ने परेड के दौरान उन माता-पिता को भी विशेष बधाई दी, जिन्होंने अपने बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने कहा कि पंजाब अब अमन-शांति और खुशहाली चाहता है—हमें चूल्हों की आग जलानी है और श्मशानों की आग बुझानी है।
कड़कड़ाती ठंड और तपती गर्मी में सड़कों पर तैनात पंजाब पुलिस के जवान इसलिए डटे रहते हैं ताकि प्रदेश की जनता चैन की नींद सो सके।
सीएम मान का यह दौरा पंजाब पुलिस को आधुनिक बनाने, युवाओं को रोजगार देने और राज्य को अपराध मुक्त बनाने के सरकार के विजन का हिस्सा माना जा रहा है। बार-बार जालंधर आना यह दर्शाता है कि दोआबा क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है।
