चंडीगढ़ दहला: सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका, शहरभर में रेड अलर्ट… एजेंसियां सतर्क
#ChandigarhBlast #PunjabBJP #Sector37 #BreakingNews #HighAlert #SecurityAlert #BombBlast #PoliceInvestigation #ForensicTeam #IndiaNews #CityOnEdge
पंजाब हॉटमेल, चंडीगढ़/पंजाब। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ बुधवार शाम एक बड़े धमाके से दहल उठी। सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।

धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे कार्यालय के बाहर खड़ी एक संदिग्ध स्कूटी में धमाका हुआ।
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और भाजपा कार्यालय की इमारत को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। फिर भी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। चंडीगढ़ की एसएसपी और आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्कूटी वहां कब और किसने खड़ी की।
जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि विस्फोटक सामग्री स्कूटी में पहले से रखी गई थी या किसी ने मौके पर इसे सक्रिय किया। फिलहाल स्कूटी के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल जुटाए हैं, जिनकी जांच के बाद ही विस्फोट की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे चंडीगढ़ में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
प्रमुख सरकारी भवनों, राजनीतिक कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहीं।
