Breaking NewsBusinessChandigarhCityCrimeFeaturedGovernmentHealthIndiaJalandharPunjab Policeजालंधरनई दिल्लीपंजाबराज्य समाचार

इलाज के नाम पर बड़ा खेल! रसौली की मरीज को बना दिया किडनी रोगी, डायलिसिस के नाम पर 8 लाख ठगने का आरोप; सर्वोदया अस्पताल के बाहर प्रदर्शन

Spread the love

#JalandharNews #MedicalNegligence #SarvodayaHospital #PunjabNews #HealthcareFraud #DialysisCase #BreakingNews #HospitalControversy #PunjabPolice #JusticeForPatient

पंजाब हॉटमेल, जालंधर। पंजाब के जालंधर स्थित सर्वोदया अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। आरोप है कि रसौली से पीड़ित एक महिला को किडनी मरीज बताकर उसका डायलिसिस शुरू कर दिया गया और इलाज के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए गए।

जब महिला ने अन्य अस्पतालों में जांच करवाई तो उसकी किडनी पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पीड़ित महिला शीतल ने बताया कि वह मूल रूप से जालंधर के गाखला पुल इलाके की रहने वाली है और उसका ससुराल बटाला में है। वर्ष 2024 में वह रसौली और यूरिन रुकने की समस्या के इलाज के लिए सर्वोदया अस्पताल में भर्ती हुई थी।

आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने के बजाय उसे किडनी की गंभीर बीमारी बताकर डायलिसिस शुरू कर दिया और हाथ में फिस्टुला लगा दिया।

शीतल के अनुसार कुछ समय बाद उसे अस्पताल के इलाज पर शक हुआ, जिसके बाद उसने दूसरे अस्पतालों में जांच करवाई। वहां हुए टेस्ट में उसकी किडनी पूरी तरह ठीक पाई गई और डॉक्टरों ने बताया कि उसे डायलिसिस की कोई जरूरत नहीं थी।

पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर उससे करीब 8 लाख रुपये वसूल लिए। महिला की मां सौरन ने भी अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी का सात महीने तक गलत इलाज किया गया।

इतना ही नहीं, डॉक्टरों ने परिवार पर किडनी ट्रांसप्लांट की बात कहकर दबाव भी बनाया। परिवार का कहना है कि इलाज के नाम पर उनके 8 से 10 लाख रुपये खर्च हो गए और आर्थिक हालत बेहद खराब हो गई है।

मामले को लेकर एंटी क्राइम और एंटी करप्शन संगठन भी पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरिंदर सिंह कैरों ने कहा कि लड़की को गलत तरीके से डायलिसिस पर डालकर परिवार को मानसिक और आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है।

संगठन ने अस्पताल प्रशासन से पूरा पैसा वापस करने और पीड़िता का सही इलाज करवाने की मांग की है।सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिवार की लिखित शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अस्पताल या डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *