“मौन हुए मनमोहन” यादों में रहेंगे… अंतिम संस्कार आज, 92 साल की उम्र में निधन; 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
राहुल बोले- मैंने अपना गुरु खो दिया, देश में कई बदलावों के लिए जाने जाएंगे पहले सिख पीएम; दुनियाभर के लोगों ने जताया दुख
पंजाब हॉटमेल, नई दिल्ली/पंजाब/अमृतसर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। पूर्व पीएम लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
सुबह 11 बजे कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे।
राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया है। टीम इंडिया भी मेलबर्न टेस्ट में आज काली पट्टी बांधकर खेलने उतरी है।इसी साल 3 अप्रैल को खत्म हुआ था राज्यसभा कार्यकालमनमोहन सिंह 3 अप्रैल को राज्यसभा से रिटायर हुए थे।
वे 1991 में पहली बार असम से राज्यसभा पहुंचे थे। तब से करीब 33 साल तक वे राज्यसभा के सदस्य रहे। छठी और आखिरी बार वे 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने थे।