झोटा हत्याकांड: 5वें दिन भी शव लेने से परिवार का इनकार, SGPC ने किया बड़ा ऐलान; घायलों को मिलेंगे ₹5-5 लाख!
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, मानसा/अमृतसर। पंजाब में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट भाई परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में तनाव बरकरार है। पांचवें दिन शनिवार को भी परिवार ने अपनी पांच मांगें पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया।

झोटा का शव मानसा सिविल अस्पताल में रखा है और अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। पिता भीम सिंह का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही बेटे का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
SGPC अध्यक्ष ने घायल युवक का जाना हाल, घायलों को आर्थिक मदद
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी शनिवार को मानसा सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने झोटा हत्याकांड में घायल युवक से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने ऐलान किया कि भाई परविंदर सिंह झोटा की तस्वीर अमृतसर स्थित केंद्रीय सिख अजायबघर में लगाई जाएगी, ताकि नशों के खिलाफ उनके संघर्ष और कुर्बानी को हमेशा याद रखा जा सके।
धामी ने झोटा के पिता बापू भीम सिंह से मुलाकात के दौरान परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया। उन्होंने घोषणा की कि घटना में घायल प्रत्येक युवक को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

यदि घायल चाहें, तो SGPC उन्हें श्री गुरु रामदास मेडिकल कॉलेज, अमृतसर में इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाएगी और इलाज का पूरा खर्च भी कमेटी उठाएगी।
19 अक्टूबर को AAP नेताओं के घरों का घेराव
इससे पहले शुक्रवार शाम पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने झोटा के परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को संसद में उठाएगी।
वहीं, इंसाफ कमेटी ने ऐलान किया है कि 19 अक्टूबर को पंजाब भर में आम आदमी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के घरों का घेराव किया जाएगा।
उधर, हत्या के बाद हुए प्रदर्शन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ और कथित भड़काऊ भाषणों को लेकर पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं।
डीआईजी हरजीत सिंह के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल परिवार की मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण मामला लगातार चर्चा में है।
