AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeDelhiEducationFeaturedGovernmentIndiaInternationalJalandharPunjab GovernmentPunjab HotmailPunjab Policeअपराध समाचारकपूरथलाजालंधरदेश-विदेशपंजाबफगवाड़ाराज्य समाचार

LPU में देर रात बवाल: छात्रा से रेप के आरोपों की खबर वायरल होते ही छात्रों का हंगामा, तोड़फोड़-आगजनी; हाईवे जाम, FIR दर्ज

Spread the love

देर रात की घटना, विद्यार्थियों का आरोप- रेप के बाद छात्रा ने सुसाइड किया; कंस्ट्रक्शन वर्कर के खिलाफ वॉर्डन से शिकायत भी की थी, प्रबंधन बोला- अफवाहों पर ध्यान न दें!

Punjab Hotmail Bureau, जालंधर/फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात एक छात्रा से कथित रेप की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया।

छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट से बाहर निकलकर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे से हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। मामले में पुलिस के बयानों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने शुरुआती तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल रेप की खबर को अफवाह बताया और कहा कि जांच में अभी तक रेप की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य या शिकायत सामने नहीं आई है।

वहीं, DIG नवीन सिंगला ने प्रदर्शनकारी छात्रों को बताया कि रेप मामले में FIR दर्ज की गई है। DIG के मुताबिक छात्रों ने कहा है कि FIR की कॉपी मिलने के बाद हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा।

DIG नवीन सिंगला देर रात छात्रों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन विद्यार्थियों ने पुलिस की बात मानने से इनकार करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहने की बात कही।

3 पॉइंट्स में समझिए कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

  • 1. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज:शनिवार रात सोशल मीडिया ग्रुप्स में एक मैसेज तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल के बाहर जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने लगे।
  • 2. कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी:छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और बाहरी लोगों के प्रवेश का खतरा बना रहता है। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और एक हिस्से में आग लगा दी।
  • 3. हाईवे पर धरना:इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र मुख्य गेट की ओर बढ़े और वहां भी हंगामा किया। बाद में छात्रों ने यूनिवर्सिटी से बाहर निकलकर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना दे दिया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

छात्रों का दावा—रेप पीड़िता ने आत्महत्या की

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर से एक वीडियो भी शेयर किया जा रहा है। छात्रों का दावा है कि वीडियो उसी छात्रा का है, जिसके साथ कथित रेप हुआ था। छात्रों के अनुसार, छात्रा ने हॉस्टल वार्डन और मैनेजमेंट से शिकायत की थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई और उसे घर भेज दिया गया।

छात्रों का यह भी दावा है कि करीब दो दिन बाद छात्रा घर से वापस यूनिवर्सिटी के हॉस्टल पहुंची और उसी रात हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, इन दावों और वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

LPU प्रशासन ने आरोपों को बताया अफवाह

हंगामे के बाद LPU प्रशासन ने छात्रों के लिए बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबरें झूठी और भ्रामक अफवाहें हैं और इन्हें शरारती तत्वों द्वारा फैलाया गया है। प्रशासन ने छात्रों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी अराजकता या प्रदर्शन में शामिल न हों और हॉस्टल/कमरे में सुरक्षित रहें।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हुए मैसेज के स्रोत का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रेप के आरोप, छात्रा की कथित आत्महत्या और वायरल वीडियो से जुड़े सभी दावों की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

नोट: मामले में पुलिस के शुरुआती बयान और बाद में DIG द्वारा FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसलिए रेप की घटना से जुड़े तथ्यों को जांच पूरी होने तक आरोप/दावे के रूप में ही देखा जाना चाहिए। पंजाब हॉटमेल किसी भी दावे या प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *