25 को बाबा सोडल का मेला: सुरक्षा के लिए कमिश्नरेट पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा, 1500 जवान तैनात- DCP
CCTV, कंट्रोल रूम, QRT, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड अलर्ट; ट्रैफिक व्यवस्था के लिए नो-एंट्री जोन और विशेष पार्किंग
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। श्री सिद्ध बाबा सोडल मंदिर में होने वाले धार्मिक समागम को सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंध किए हैं।

CP सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों तथा DCP सिटी आदित्य एस. वारियर और DCP लॉ एंड ऑर्डर जसरोप कौर बाठ की निगरानी में करीब 1500 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत के अनुसार अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी
मंदिर के सामने कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से मेले के दौरान 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए वायरलेस सेट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी पोस्ट बनाई गई हैं।
QRT से लेकर डॉग स्क्वायड तक तैनात
सुरक्षा को मजबूत करने के लिए QRT, ARP, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसर में मेटल डिटेक्टर और जैमर लगाए गए हैं। बॉडी कैमरों से लैस पुलिसकर्मियों के साथ सिविल कपड़ों में पुलिस कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। मंदिर और आसपास के इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग भी लगातार जारी रहेगी।
ट्रैफिक के लिए विशेष इंतजाम, नो-एंट्री जोन बनाए
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। मंदिर के आसपास जरूरी स्थानों पर नो-एंट्री जोन बनाए गए हैं, जहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही पैदल होगी, ताकि भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित रखा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए गजटेड अधिकारियों की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा प्रबंधों की लगातार समीक्षा की जा रही है और तैनात फोर्स को किसी भी संभावित स्थिति से तुरंत निपटने के लिए अलर्ट रखा गया है।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस के सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधों में सहयोग करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और नो-एंट्री जोन में वाहन न ले जाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
