सिर में गोली लगी, फिर भी नहीं टूटा हौसला! ASI ने खुद बाइक चलाकर पहुंचाया थाने, अज्ञात हमलावर ने की फायरिंग?
Punjab Hotmail Bureau, अमृतसर/चंडीगढ़। अजनाला थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे एक एएसआई पर अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली एएसआई जसवंत सिंह के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद मोटरसाइकिल चलाकर थाना अजनाला पहुंच गए।

पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार एएसआई जसवंत सिंह अमृतसर पुलिस लाइन में ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से अजनाला की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान भल्ला पिंड गांव के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। गोली सिर में लगने के बावजूद जसवंत सिंह ने मोटरसाइकिल नहीं रोकी और किसी तरह थाना अजनाला पहुंचकर पुलिस कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।
खतरे से बाहर बताई जा रही हालत
थाने पहुंचने के बाद पुलिस कर्मचारियों ने घायल एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सिर में गोली लगने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह के अनुसार, फायरिंग की घटना थाना राजासांसी क्षेत्र में हुई है। गोली चलाने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
