अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर जालंधर बंद का ऐलान: कल सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा शहर, स्कूल-कॉलेज और मेडिकल स्टोर रहेंगे मुक्त
Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। लुधियाना में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद दलित समाज में रोष बढ़ता जा रहा है।

घटना के विरोध में विभिन्न दलित जत्थेबंदियों की ओर से पंजाब के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन और बंद का ऐलान किया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर में भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब और भीम क्रांति सेना ने कल शहर बंद रखने का आह्वान किया है।
संगठनों के अनुसार, जालंधर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्ण बंद रहेगा। हालांकि आम जनता की सुविधा और जरूरी सेवाओं को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोर/आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
यह फैसला भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि की संयुक्त अगुवाई में लिया गया।
‘एक ही जगह पर 10वीं बार हुई घटना’
राजीव गोरा ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई कथित छेड़छाड़ बेहद निंदनीय है। उनका दावा है कि इसी स्थान पर ऐसी घटना करीब 10वीं बार हुई है।
उन्होंने कहा कि पहले भी प्रतिमा के शीशे तोड़े गए थे और उस समय प्रशासन से मौके पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, लेकिन उनकी मांग पर पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी का प्रगट दिवस भी नजदीक है और ऐसे समय में इस तरह की घटना से माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरव वाल्मीकि ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, जबकि पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने हितों के लिए ऐसी घटनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गौरव वाल्मीकि ने कहा कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ही जालंधर बंद का फैसला लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज करते हुए इसे राज्य स्तर तक ले जाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
