बड़ी खबर: एक बार फिर ‘Schools’ को बम से उड़ाने की धमकी, E-mail से फैली दहशत; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। शहर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। सुबह करीब 8 बजे स्कूल खुलते ही डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को भेजे गए ई-मेल में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए चेतावनी दी गई— “अपने बच्चों को बचाओ…”।

संदेश मिलते ही स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली गई।

एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बच्चों व स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल ई-मेल की ट्रेसिंग में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ई-मेल में देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं को भी चुनौती दी गई है तथा 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाने की चेतावनी दी गई है। हालांकि संदेश में यह भी दावा किया गया कि बच्चों से उनका कोई बैर नहीं है।
गौरतलब है कि जालंधर में इससे पहले भी स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिन्हें जांच में शरारत या अफवाह पाया गया था। फिलहाल पुलिस ने शहर में अलर्ट जारी कर दिया है और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
