फेमा केस में ईडी का शिकंजा: पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और बेटे रणिंदर को समन, आज जालंधर में पेशी
#ED #FEMA #CaptainAmarinderSingh #RaninderSingh #PunjabNews #Jalandhar #EnforcementDirectorate #SwissBank #ForeignAssets #HighCourt #BreakingNews
चंडीगढ़/जालंधर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणिंदर सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

अधिकारियों के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह को गुरुवार को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है, जबकि उनके पुत्र रणिंदर सिंह को अगले दिन तलब किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों पर स्विट्जरलैंड के बैंक खाते सहित कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी होने के आरोप हैं। हालांकि जानकारी यह भी है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हाल ही में मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे हैं, ऐसे में उन्हें नई तारीख दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यह कार्रवाई सितंबर 2025 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें दोनों द्वारा आयकर विभाग के आरोप पत्र से जुड़े अभिलेखों के निरीक्षण पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी गई थी।
मामला वर्ष 2011 में फ्रांस सरकार से मिली सूचना पर आधारित है, जिसमें विदेशी कंपनियों के जरिए स्विस बैंक खाते और दुबई की संपत्ति से जुड़े आरोपों का जिक्र था। आयकर विभाग ने 2016 में लुधियाना की अदालत में इस संबंध में अभियोजन शिकायत दायर की थी।
