AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeFeaturedGovernmentJalandharPunjab GovernmentPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

2025 में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस का दमदार प्रदर्शन: अपराध, गैंगस्टरों और ड्रग माफिया पर वार; आनलाइन चालान और रिकॉर्ड समय में सुलझाए हाईप्रोफाइल केस… पढ़ें और देखें

Spread the love

#JalandharPolice #CommissioneratePolice #CrimeControl2025 #WarOnDrugs #DrugFreeJalandhar #GangsterAction #LawAndOrder #PublicSafety #SmartPolicing #ICCC #PunjabPolice #BreakingNews

पंजाब हॉटमेल, जालंधर (मनमोहन सिंह)। वर्ष 2025 जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के लिए उपलब्धियों और सख्त कार्रवाई का वर्ष रहा। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखते हुए अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।

इस दौरान कुल 3,535 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 2,451 मामलों को समय रहते अदालतों में पेश किया गया, जो प्रभावी जांच और जवाबदेह पुलिसिंग का प्रमाण है।

गंभीर अपराधों पर सख्ती, बेहतर खुलासा दर

वर्ष 2025 में 431 गंभीर अपराध सामने आए, जिनमें से 243 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। इनमें हत्या, जानलेवा हमले, लूट, डकैती और संपत्ति संबंधी गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने चोरी, छीन-झपट और डकैती के मामलों में करोड़ों रुपये की नकदी व कीमती सामान बरामद कर पीड़ितों को राहत दी।

‘नशे के खिलाफ जंग’ में बड़ी कामयाबी

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में 1,193 मामले दर्ज कर 1,635 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 46 किलो से अधिक हेरोइन, सैकड़ों किलो अफीम की भूसी, गांजा, चरस, कोकीन, आइस और 4 लाख से ज्यादा नशीली गोलियां/कैप्सूल जब्त किए, जिससे ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा।

गैंगस्टर और संगठित अपराध पर करारा प्रहार

हत्या, जबरन वसूली, बम विस्फोट, संगठित अपराध और फायरिंग जैसे कई सनसनीखेज मामलों को तकनीकी जांच और संयुक्त पुलिस कार्रवाई से सुलझाया गया। वर्ष के दौरान कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी में 7 पुलिस मुठभेड़ें हुईं, जिनमें पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई कर अपराधियों को दबोचा।

हाई-प्रोफाइल मामलों में त्वरित कार्रवाई

पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास के पास हुए बम विस्फोट मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। विजय ज्वैलर्स डकैती, कार लूट और बटाला हत्याकांड जैसे मामलों को भी रिकॉर्ड समय में सुलझाया गया, जिससे पुलिस की कार्यकुशलता सामने आई।

टेक्नोलॉजी से मजबूत हुई स्मार्ट पुलिसिंग

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के जरिए ई-चालान प्रणाली लागू की। शहर के प्रमुख चौराहों पर हाई-रेजोल्यूशन कैमरे, 1,000 से अधिक सीसीटीवी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाए गए। PCR-112 का औसत रिस्पॉन्स टाइम 5 से 10 मिनट रहा, जिसे और बेहतर बनाने पर काम जारी है।

नशामुक्त समाज की दिशा में पहल

नशा माफिया की अवैध संपत्तियां ध्वस्त की गईं, करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्ती के प्रस्ताव मंजूर हुए और सैकड़ों नशा पीड़ितों को नशामुक्ति व ओओएटी केंद्रों में इलाज दिलाया गया।

हजारों जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और आम जनता को नशे के खिलाफ जोड़ा गया।

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह आने वाले समय में भी जन सुरक्षा, अपराध मुक्त शहर और नशामुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर पूरी मजबूती से काम करती रहेगी और आम जनता से सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *